


नवगछिया : सिंहपुर पूरब पैक्स चुनाव को लेकर सोमवार को मवि मधुरापुर (बालक) में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। देर शाम प्रखंड स्थित शिल्प प्रशिक्षण भवन में मतगणना शुरू की गई, जिसमें सुभाष यादव ने शानदार जीत दर्ज की।
परिणाम के अनुसार, सुभाष यादव को 299 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनोज साह को 111 मत मिले। इस जीत के साथ सुभाष यादव लगातार चौथी बार सिंहपुर पूरब पैक्स के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
चुनाव में कुल 883 मतदाताओं में से 430 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जीत के बाद सुभाष यादव ने इसे क्षेत्र की जनता की जीत बताते हुए मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी खुशबू कुमारी ने विजेता को प्रमाणपत्र प्रदान किया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने फूल-माला एवं अबीर-गुलाल लगाकर जश्न मनाया।
















