


इस्माइलपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा वीडियो, पुलिस जांच में जुटी
नवगछिया : इस्माइलपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक खुलेआम हथियार लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बन गया है।

हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता और उसमें दिख रहे युवकों की पहचान की जांच की जा रही है।
वायरल वीडियो में कुछ युवक भोजपुरी गानों की धुन पर हथियारों का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक खुलेआम हथियार लहराते हुए गोली फायर करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम हथियार का प्रदर्शन और फायरिंग कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो हाल के दिनों का बताया जा रहा है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो कब और कहां रिकॉर्ड किया गया। पुलिस वायरल क्लिप के आधार पर संबंधित युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है।

इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है। वीडियो की सत्यता और उसमें शामिल लोगों की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।















