


भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हुए सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को बेहद निंदनीय करार देते हुए दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की है। साथ ही गंभीर रूप से घायल नगर परिषद सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

महापौर ने कहा कि दिनदहाड़े नकाबपोश अपराधियों द्वारा कार्यालय कक्ष में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की घटना यह दर्शाती है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला बताया।
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने इस पूरी वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही गोली लगने से मौत हो गई, जबकि सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनका इलाज जारी है और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
महापौर विभा कुमारी ने राज्य सरकार और प्रशासन से इस मामले में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, तभी आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम रह सकेगा।















