


भागलपुर। बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मुख्य सचिव पंकज कुमार पाल शनिवार को सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। वे अजगैविनाथ धाम स्थित कृष्णानंद स्टेडियम में हेलिकॉप्टर से उतरे, जहां जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
दौरे के दौरान मुख्य सचिव ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से अगुवानी–सुल्तानगंज पुल तथा भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के समानांतर बनाए जा रहे नए पुल के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस क्रम में उन्होंने हवाई सर्वेक्षण कर परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। इस मौके पर जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव का यह दौरा विकास कार्यों की निगरानी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि लंबित परियोजनाओं में तेजी आएगी और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरे किए जा सकेंगे।
बाइट:
जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि मुख्य सचिव के निरीक्षण से परियोजनाओं की प्रगति को और गति मिलेगी तथा सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं।















