


नवगछिया। ढोलबज्जा थाना क्षेत्र के लूरीदास टोला के समीप शनिवार को ट्रैक्टर और टेम्पू की आमने-सामने टक्कर में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सभी घायल पूर्णिया जिले के रूपौली थाना क्षेत्र स्थित नया टोला भिट्ठा के निवासी हैं। बताया गया कि ये लोग नवगछिया के पकरा गांव लड़की देखने आए थे और वापसी के दौरान फोर लेन सड़क पर हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में ईंट लदा तेज रफ्तार ट्रैक्टर नें टेम्पू को जोरदार टक्कर मार दिया ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पू के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मु. मुजाहिद, मु. इदरिस, मु. मुस्ताक, मु. इम्तियाज, मु. रईस, मु. सत्तार और सोनिया खातून शामिल हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद मु. मुजाहिद, मु. इदरिस, मु. मुस्ताक, मु. इम्तियाज और मु. रईस को गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों के अनुसार मु. मुजाहिद और मु. मुस्ताक की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।















