


मौके पर पहुंची पुलिस, प्राथमिक उपचार के बाद नाव से भेजा गया
नवगछिया : विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद कहलगांव जाने वाले लोगों की आवाजाही इन दिनों तिनटंगा जहाज घाट के रास्ते नाव के सहारे हो रही है। रोजाना बड़ी संख्या में यात्री घाट पहुंच रहे हैं। इसी बीच गुरुवार को घाट के समीप एक टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार मां-बेटा घायल हो गए।

घटना के बाद कुछ देर के लिए घाट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही घाट पर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी रसनदेव पासवान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल मां-बेटे को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थानीय लोगों की सहायता से उनका प्राथमिक उपचार कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाट के पास पहुंचने के दौरान टोटो असंतुलित होकर पलट गया था। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस पदाधिकारी ने दोनों घायलों को सुरक्षित रूप से गंगा पार कहलगांव जाने वाली नाव पर बैठवाया, ताकि वे अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
स्थानीय लोगों ने घाट पर बढ़ती भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को और सुरक्षित बनाने की मांग की है।















