


भागलपुर। तिलकामांझी–सबौर रोड पर शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन पहिया सीएनजी ऑटो और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पहल करते हुए सभी घायलों को पास के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ई-रिक्शा चालक कथित रूप से नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ई-रिक्शा चालक वास्तव में नशे की हालत में था या नहीं।













