


भागलपुर। तिलकामांझी थाना क्षेत्र के जेल रोड स्थित गंजी मिल के सामने शुक्रवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन दुकानें और दो घर पूरी तरह जलकर राख हो गए।
इस अग्निकांड में आरती देवी, मुर्शीद के बेटे राजा (पंचर दुकान), अर्जुन चौधरी और गीता देवी की संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ। घटना के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम तीन बड़ी और एक छोटी गाड़ी के साथ पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।
पीड़ितों ने स्थानीय शरारती तत्वों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ युवक पास की दुकानों की छत पर बैठकर गांजा, शराब और सिगरेट का सेवन करते थे तथा मना करने पर पहले भी दुकान जलाने की धमकी दे चुके थे। पीड़ितों के अनुसार घटना की रात भी उक्त युवक मौके पर मौजूद थे।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन की जा रही है।
पीड़िता आरती देवी ने बताया कि वह किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं, जबकि उनके पति शंकर यादव टोटो चलाते हैं। आग लगने से उनकी आजीविका पूरी तरह प्रभावित हो गई है। वहीं गीता देवी ने बताया कि उनकी नतिनी काजल की शादी मई में तय है, लेकिन इस हादसे के बाद परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
















