
मतदाता साक्षरता क्लब की ओर से आयोजित हुई प्रतियोगिता, दोनों छात्राएं जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगी महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व

भागलपुर। टी.एन.बी. महाविद्यालय, भागलपुर के मतदाता साक्षरता क्लब की ओर से निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में कुल 28 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. नवनीत कुमार ने किया। मतदाता साक्षरता क्लब के सदस्य डॉ. अंशुमान सुमन और डॉ. राजेश कुमार सुमन के साथ आमंत्रित सदस्य अजीत कुमार भी उपस्थित रहे।
निबंध प्रतियोगिता में सुप्रिया मुंडा रहीं प्रथम
‘लोकतंत्र में मतदान का महत्व’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में इतिहास विभाग की छात्रा सुप्रिया मुंडा ने 72 अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजनीति विज्ञान विभाग की छात्रा आकांक्षा दीप ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया। अब दोनों छात्राएं जिला स्तरीय प्रतियोगिता में टी.एन.बी. महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।
जागरूक मतदाता ही स्वस्थ लोकतंत्र की आधारशिला
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दीपो महतो ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। मतदान के माध्यम से नागरिक शासन व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हैं और जनप्रतिनिधियों का चयन करते हैं। जागरूक मतदाता ही स्वस्थ लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से भाग लेना चाहिए। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी भी है।
प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाता जागरूकता के प्रति जागरूक करना था। इस तरह की गतिविधियों से युवाओं में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होती है।















