


भागलपुर: टी.एन.बी. महाविद्यालय में छात्र-हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने गुरुवार को प्राचार्य को 11 सूत्री ज्ञापन सौंपा। परिषद ने मांगों पर 10 दिनों के भीतर कार्रवाई करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समयसीमा में समाधान नहीं होने पर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में नवप्रवेशित छात्रों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित करने, सभी कक्षाओं में कार्यशील पंखों की व्यवस्था, गर्ल्स कॉमन रूम में सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने, अनुसूचित जाति-जनजाति एवं अन्य पात्र छात्राओं की नामांकन राशि तथा इंटर्नशिप शुल्क वापस करने, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, बीसीए एवं बायोटेक विभाग में एयर कंडीशनर लगाने, बीसीए विभाग में अधूरे रंगाई-पुताई कार्य को पूरा कराने, छात्रावास की समस्याओं का समाधान, परिसर की सुरक्षा एवं रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा ड्रेस कोड लागू करने की मांग की गई है।
महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष सुमित सिंह ने कहा कि परिषद लंबे समय से इन समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाती रही है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई तो परिषद आंदोलन करेगी।

इकाई मंत्री लक्ष्मण कुमार ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की गुणवत्ता का आकलन केवल शैक्षणिक गतिविधियों से नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली बुनियादी सुविधाओं से भी होता है। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि छात्र समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराना है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान परिषद के कार्यकर्ता कुणाल कुमार, अवनीश कुमार, नवीन कुमार, रोहित कुमार, शुभम कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
















