


बांस लेकर टोटो से जा रहा था युवक, परिवार में मचा कोहराम
नवगछिया : नवगछिया पुलिस जिला के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के छोटी परबत्ता निवासी युवक की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान छोटी परबत्ता निवासी रंजीत कुमार दास, पिता प्रकाश दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे रंजीत कुमार दास टोटो वाहन से बांस लेकर जा रहे थे। इसी दौरान जीरो माइल एनएच 31 महदतपुर के समीप टोटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे में रंजीत कुमार दास गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार पूर्णिया में इलाज के दौरान रविवार दोपहर करीब दो बजे रंजीत कुमार दास की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक अपने परिवार का इकलौता भाई था। उसकी चार बहनें हैं, जिनमें पूनम कुमारी एवं काजल कुमारी की शादी हो चुकी है, जबकि रेशमी कुमारी और प्रीति कुमारी अविवाहित हैं। मृतक की मां का नाम सत्या देवी बताया गया है।

रंजीत कुमार दास की शादी करीब दो वर्ष पूर्व सपना देवी से हुई थी। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं रविवार की रात परिजन शव को लेकर नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। जहां यातायात पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।















