


विभिन्न हादसों में मृत लोगों के परिजनों से मिलकर जताई संवेदना, दी आर्थिक सहायता
पूर्णिया : पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हाल के दिनों में हुई दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान सांसद ने शोक संतप्त परिवारों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सांसद पप्पू यादव सबसे पहले सरसी थाना क्षेत्र के बहोरा घाट स्थित लोटो टोला, वार्ड संख्या-05 पहुंचे। यहां उन्होंने स्वर्गीय रामलाल टुडू (52 वर्ष) के परिजनों से मुलाकात की। बताया गया कि कुछ दिन पूर्व मखाना खेत के समीप गड्ढे में गिरने से उनकी मौत हो गई थी। सांसद ने पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इसके बाद सांसद पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के इस्लामनगर माधोपारा, वार्ड संख्या-26 पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क दुर्घटना में मृत 15 वर्षीय आफताब आलम के परिजनों से मुलाकात की। आफताब मो. शोएब का पुत्र था। सांसद ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी और आगे भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

सांसद ने सरसी थाना क्षेत्र के छोटी कादरगंज गांव, वार्ड संख्या-08 का भी दौरा किया। यहां मखाना खेत में पानी पटाने के दौरान करंट लगने से 38 वर्षीय दिलखुश कुमार की मौत हो गई थी। सांसद ने पीड़ित परिवार से मिलकर 15 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। साथ ही जिला प्रशासन से वार्ता कर पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की।
मुलाकात के दौरान सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया की जनता ही उनका परिवार है और दुख की घड़ी में लोगों के साथ खड़ा रहना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सांसद ने सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।














