


की नौकरी पर संकट, भागलपुर में शुरू हुई जांच
@ NIOS के 18 माह डीएलएड को अमान्य मानते हुए शिक्षा विभाग सख्त, भागलपुर में 50 से अधिक शिक्षक कार्रवाई की जद में।
प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। बिहार में तीसरे चरण की शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया (TRE-3) के तहत नियुक्त हजारों शिक्षकों की नौकरी पर संकट गहराता नजर आ रहा है। शिक्षा विभाग ने NIOS द्वारा संचालित 18 माह के डीएलएड (D.El.Ed.) को विद्यालय अध्यापक नियुक्ति के लिए अमान्य मानते हुए ऐसे शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस फैसले का असर राज्यभर में करीब 3000 शिक्षकों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
शिक्षा विभाग के निर्देश के बाद भागलपुर जिला प्रशासन ने जांच अभियान शुरू कर दिया है। प्राथमिक शिक्षा निदेशक के आदेश पर सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (BEO) को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यरत ऐसे शिक्षकों का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक नियुक्ति विज्ञापन संख्या 22/2024 तथा 7 दिसंबर 2023 को जारी विभागीय आदेश के अनुसार NIOS का 18 माह का डीएलएड विद्यालय अध्यापक पद के लिए मान्य शैक्षणिक योग्यता नहीं है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि केवल भागलपुर जिले में ही 50 से अधिक शिक्षक इस कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला शिक्षा कार्यालय अंतिम रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को भेजेगा। इसके आधार पर संबंधित शिक्षकों की सेवा समाप्त करने सहित आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, राज्यभर में ऐसे करीब 3000 शिक्षक TRE-3 के तहत नियुक्त हुए हैं, जिनकी पात्रता अब जांच के दायरे में है। यदि विभागीय निर्णय लागू होता है तो बड़ी संख्या में शिक्षकों की नौकरी प्रभावित हो सकती है। शिक्षा विभाग का कहना है कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह विज्ञापन की शर्तों और निर्धारित पात्रता मानकों के अनुरूप ही लागू की जाएगी तथा नियमों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इधर, कार्रवाई की आशंका से प्रभावित शिक्षकों में चिंता का माहौल है। कई शिक्षक कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं और मामले को न्यायालय में चुनौती दिए जाने की भी संभावना जताई जा रही है। शिक्षा जगत की नजर अब राज्य सरकार और शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी है, क्योंकि इस निर्णय का प्रभाव हजारों शिक्षकों और उनके परिवारों पर पड़ सकता है।
















