


भागलपुर : विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद आम लोगों की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो गई है। पुल बंद रहने के कारण अब गंगा पार करने के लिए लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। इसका असर शादी-विवाह जैसे पारिवारिक आयोजनों पर भी साफ दिखाई देने लगा है।
इन दिनों गंगा घाटों पर एक अलग ही दृश्य देखने को मिल रहा है। नवविवाहित जोड़े कार और बस की जगह नाव से अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करने को मजबूर हैं। दूल्हा एक हाथ में दुल्हन का सामान संभाले और दूसरे हाथ से अपनी नवविवाहिता पत्नी का हाथ पकड़कर नाव पर चढ़ता नजर आ रहा है। वहीं दुल्हन भी रिश्तेदारों के बीच सावधानी से नाव में सवार होती दिखाई दे रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु बंद होने से सबसे अधिक परेशानी रोजाना सफर करने वाले लोगों के साथ-साथ शादी समारोह में शामिल होने वाले परिवारों को हो रही है। बावजूद इसके लोग हर कठिनाई का सामना करते हुए अपनी परंपराओं और रिश्तों को निभाने में जुटे हुए हैं।
गंगा घाट पर नाव से हो रही दुल्हनों की विदाई का दृश्य अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यह तस्वीरें क्षेत्र में उत्पन्न परिवहन संकट की गंभीरता को भी बयां कर रही हैं।
इस दौरान दूल्हे मनीष चौधरी ने बताया कि परिस्थितियां कठिन जरूर हैं, लेकिन परिवार और रिश्तों की खुशियों के लिए हर मुश्किल को पार करना जरूरी है।















