


भागलपुर।भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र स्थित साधु मठिया मोड़ के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भागलपुर की ओर से आ रही एक कार की मिर्जाचौकी की तरफ से आ रही हाइवा से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय कार में चार से पांच लोग सवार थे। टक्कर के बाद वाहन में लगे एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान बच गई। हालांकि हादसे में कार सवार कई लोग घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं हाइवा चालक ने बताया कि कार काफी तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण दुर्घटना हुई। चालक के अनुसार उसने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन तेज गति होने के कारण हादसा टाला नहीं जा सका।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।















