


भागलपुर। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज के सभापति राजकुमार गुड्डू का शनिवार सुबह इलाज के दौरान पटना स्थित मेदांता हॉस्पिटल में निधन हो गया। करीब 10 दिन पूर्व गोलीबारी की घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
जानकारी के अनुसार टेंडर प्रक्रिया को लेकर हुए विवाद में इलाके के कुख्यात अपराधी रामधारी यादव एवं उसके सहयोगियों ने सरकारी कार्यालय में घुसकर गोलीबारी की थी। इस घटना में एक पीसीएस अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस एवं परिजनों की मदद से उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदांता हॉस्पिटल पटना में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।i

राजकुमार गुड्डू के निधन की खबर मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय विधायक ललित नारायण मंडल, वार्ड पार्षदों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्थानीय लोगों ने कहा कि राजकुमार गुड्डू सामाजिक एवं जनसरोकार से जुड़े मुद्दों में सक्रिय रहते थे। उनके निधन से सुल्तानगंज क्षेत्र में शोक एवं गम का माहौल है।















