


नवगछिया : रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत साधोपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां उबलते दाल के पानी में गिरने से दो वर्षीय मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घायल बच्चे की पहचान साधोपुर निवासी महादेव शर्मा के पुत्र मयंक कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार घर में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गुंजन कुमारी रसोई में दाल पका रही थीं। वहीं पास में खेल रहा मासूम मयंक अचानक असंतुलित होकर उबलते दाल से भरे बर्तन में गिर पड़ा। बच्चे की चीख सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों के अनुसार बच्चा शरीर के कई हिस्सों में गंभीर रूप से झुलस गया है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद गांव में भी शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।















