


दिनभर जाम से जूझते रहे लोग, पैदल चलना भी हुआ मुश्किल
नवगछिया : महिलाओं के प्रमुख पर्व वट सावित्री को लेकर शुक्रवार को नवगछिया बाजार में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाजार में खरीदारी के लिए महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की भीड़ जुटने लगी। पूजा सामग्री, फल, कपड़े और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रही।

भीड़ बढ़ने के साथ-साथ बाजार की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। नगर बाजार की मुख्य सड़क सहित स्टेशन रोड, दुर्गा मंदिर चौक, मुख्य बाजार मार्ग और विभिन्न गली-मोहल्लों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। सड़क पर चारपहिया वाहन, टोटो, ई-रिक्शा, बाइक और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
स्थिति ऐसी हो गई थी कि कई जगह लोगों को पैदल चलने तक की जगह नहीं मिल रही थी। बाजार के मुख्य चौक-चौराहों पर टोटो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा अवैध रूप से वाहन खड़ा कर देने से जाम और भी गंभीर हो गया। सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की भीड़ के कारण राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

तेज धूप और उमस के बीच महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घंटों जाम में फंसे रहे। कई लोग खरीदारी छोड़कर वापस लौटते नजर आए। जाम के कारण छोटे वाहन चालकों और पैदल चलनें वाले तक को रास्ता बनाने में कठिनाई हुई।
स्थानीय लोगों का कहना था कि पर्व और त्योहार के दौरान हर वर्ष बाजार में ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से स्थायी व्यवस्था नहीं की जाती। लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क पर टोटो और ई-रिक्शा का अनियंत्रित परिचालन तथा अवैध स्टैंड जाम का मुख्य कारण है।

वहीं बाजार के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती तो थी, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी। दिनभर रुक-रुक कर जाम लगता रहा, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
स्थानीय नागरिकों और व्यवसायियों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, अवैध स्टैंड हटाने और त्योहारों के दौरान विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग की है।















