


नवगछिया : नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनगंज गांव की एक विधवा महिला ने अपनी जेठानी एवं उसके बेटों पर पैतृक संपत्ति हड़पने, मारपीट कर घर से बेदखल करने तथा फर्जी कागजात तैयार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता मुन्नी देवी, पति स्वर्गीय उमाकांत साह ने दिए आवेदन में बताया कि वर्ष 2011 में उनके पति की मृत्यु हो गई थी। पति के निधन के बाद वह अपने मायके में रहकर मजदूरी कर अपने दो पुत्रों का पालन-पोषण कर रही थीं।

महिला ने बताया कि जब बच्चे बड़े हुए तो वह दोनों पुत्रों के साथ अपने ससुराल स्थित पैतृक घर रतनगंज पहुंचीं, लेकिन वहां उनकी जेठानी तथा उसके पुत्र गौतम कुमार और प्रीतम कुमार ने उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दिया। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और घर से भगा दिया गया।
पीड़िता ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि पिछले करीब एक वर्ष से वह अपने दोनों बच्चों के साथ सुकटिया बाजार स्थित शिव मंदिर में शरण लेकर रहने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ रहने और खाने तक की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है।

महिला का आरोप है कि आरोपितों ने फर्जी स्टाम्प पेपर के आधार पर पैतृक जमीन अपने नाम कराने की कोशिश की है। उन्होंने बताया कि ग्राम कचहरी में भी दस्तावेजों को संदिग्ध बताया गया था।
पीड़िता के अनुसार, मामले को लेकर उन्होंने पंचायत, अंचलाधिकारी गोपालपुर एवं पुलिस प्रशासन को कई बार आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

मुन्नी देवी ने प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने, पैतृक घर में रहने का अधिकार दिलाने तथा आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए और प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।













