



नवगछिया। गोपालपुर प्रखंड में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार को लेकर क्षेत्रीय शिक्षा के उपनिदेशक मो. अहसन द्वारा सभी उच्च माध्यमिक, माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक बुधवार की दोपहर उच्च माध्यमिक विद्यालय मकन्दपुर परिसर में संपन्न हुई।

बैठक के दौरान क्षेत्रीय उपनिदेशक ने सभी प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनके नैतिक विकास पर भी विशेष ध्यान दें, ताकि विद्यार्थी भविष्य में एक अच्छे और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने शिक्षकों को विभागीय दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की भी हिदायत दी।

मो. अहसन ने विद्यालयों में अनुशासन और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने पर जोर देते हुए प्रार्थना सभा के दौरान लाउडस्पीकर के अनिवार्य उपयोग का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने विद्यालय प्रांगण में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक फलदार आम का पौधा लगाया और उपस्थित शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक मूल्यों के विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में शिक्षकों की भूमिका और जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
बैठक में कार्यक्रम पदाधिकारी दिव्या कुमारी, रूपेश कुमार सिंह, अनिल कुमार अनिल, अनिल कुमार, सुबोध चंद्र यादव, छोटू कुमार, शंभू कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और शिक्षक उपस्थित थे।














