


नवगछिया। बनारसीलाल सराफ वाणिज्य महाविद्यालय, नवगछिया में विद्यार्थी के वेश में पहुंचकर पंखा चोरी करने का मामला सामने आया है। कॉलेज के विद्यार्थियों ने एक युवक को पांच पंखे चोरी कर कॉलेज परिसर से बाहर ले जाते समय पकड़ लिया। इसके बाद युवक को प्राचार्य के पास ले जाया गया, जहां से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची नवगछिया पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

पकड़े गए युवक की पहचान अफताब कुमार के रूप में हुई है। कॉलेज के प्राचार्य ने आदर्श थाना नवगछिया में आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। प्राचार्य के अनुसार, युवक कॉलेज में विद्यार्थी बनकर प्रवेश करता था और अलग-अलग कमरों में लगे पंखों को चोरी कर ले जाता था।
बताया गया कि कॉलेज के विभिन्न कमरों से पंखे चोरी होने की जानकारी लगातार सामने आ रही थी। इसी दौरान विद्यार्थियों की नजर एक युवक पर पड़ी, जो कॉलेज से पांच पंखे लेकर बाहर निकल रहा था। विद्यार्थियों ने उसे रोक लिया और चोरी किए गए पंखों के साथ पकड़कर प्राचार्य के पास पहुंचाया। इसके बाद प्राचार्य ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, जांच के दौरान पूर्व में भी दो पंखे चोरी किए जाने की बात सामने आई है। प्राचार्य ने पुलिस को दिए आवेदन में कॉलेज परिसर में हुई पंखा चोरी की घटनाओं की जांच कराने और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस युवक को थाने ले जाकर मामले की पूछताछ और जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कॉलेज से पूर्व में चोरी हुए पंखों के मामले में पकड़े गए युवक की कोई भूमिका है या नहीं तथा चोरी की घटना में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।















