
भाजपा जिला मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जताया आभार, पूर्णिया में ई-बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
पूर्णिया। भाजपा जिला मंत्री नूतन गुप्ता ने वैशाली जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लगभग 34 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से बिहार के विकास को नई गति मिलेगी और राज्य में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
नूतन गुप्ता ने बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से शुरू की गई विकास परियोजनाओं में गंगा नदी पर बना नीतीश सेतु भी शामिल है। उन्होंने इसे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में उठाया गया सराहनीय कदम बताया। उनके अनुसार, इस पुल के निर्माण से लोगों की दशकों पुरानी मांग पूरी हुई है और राज्य में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बिहार के दौरे पर आकर उन्होंने राज्य के लोगों को सम्मान दिया है। साथ ही हर क्षेत्र और वर्ग के विकास पर ध्यान दिया है। नूतन गुप्ता ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद को समाप्त करने और युवा पीढ़ी को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में रास्ता दिखाया है।
ई-बस सेवा से यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
भाजपा जिला मंत्री ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री ई-बस सेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के तहत पूर्णिया सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने से यात्रियों को सुरक्षित, वातानुकूलित और आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूर्णिया शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी ई-बसों का परिचालन होने से लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के उपयोग से ध्वनि और वायु प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
डबल इंजन की सरकार में विकास कार्यों को मिल रही गति
नूतन गुप्ता ने कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार के तहत विकास के विभिन्न क्षेत्रों में काम हो रहा है। उन्होंने इन योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही विकास योजनाओं की सौगात मिलने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी।















