


नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर तेतरी स्थित ढाबा किंग के समीप बुधवार की देर रात अपराधियों ने एक ट्रक चालक पर हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने चालक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल चालक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के सीताराम सहनी के पुत्र चंदेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 12:30 बजे चंदेश कुमार सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर शौच के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान दो अपराधी वहां पहुंचे और चाकू का भय दिखाकर चालक से करीब पांच हजार रुपये लूट लिए।
घटना के दौरान बदमाश चालक से मोबाइल फोन छीनने का भी प्रयास कर रहे थे। लेकिन चालक द्वारा विरोध करने पर अपराधियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन लोगों को आता देख दोनों अपराधी फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। चालक की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे भागलपुर रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













