


सिर में गंभीर चोट लगने के बाद पूर्णिया रेफर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नवगछिया। विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे निर्माणाधीन पुल पर कार्य के दौरान बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगे एक युवक के सिर पर अचानक लोहे का भारी सामान गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल युवक की पहचान अंतिचक थाना क्षेत्र के बिरबन्ना गांव निवासी 18 वर्षीय छोटू कुमार साह के रूप में हुई है। वह अवधेश शाह का पुत्र बताया गया है और निर्माणाधीन पुल परियोजना में मजदूरी का कार्य कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान अचानक ऊपर से लोहे का भारी हिस्सा नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में छोटू कुमार साह आ गया। लोहे का सामान सीधे उसके सिर पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद वहां मौजूद मजदूरों और कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के सिर में गंभीर चोट आई थी। स्थिति चिंताजनक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
















