


भागलपुर में विक्रमशिला सेतु पर यातायात अवरुद्ध होने के बाद आम लोगों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित पहल की है। इसी क्रम में 4 मई 2026 को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर को पत्र लिखकर भागलपुर को नवगछिया, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा सहित अन्य जिलों से जोड़ने के लिए एक-दो विशेष ट्रेनों के संचालन की मांग की थी।
जिलाधिकारी की इस मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक विशेष ट्रेन (समर स्पेशल) उपलब्ध करा दी है। यह ट्रेन सरायगढ़ से देवघर तक, भागलपुर होते हुए संचालित की जाएगी, जिससे प्रभावित क्षेत्रों के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, यह विशेष ट्रेन सरायगढ़ से पूर्वाह्न 3:05 बजे प्रस्थान करेगी और मुंगेर 6:45 बजे होते हुए सुबह 8:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन बांका 10:12 बजे पहुंचकर लगभग 11:20 बजे देवघर पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन देवघर से पूर्वाह्न 11:35 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 2:20 बजे भागलपुर पहुंचेगी। इसके बाद मुंगेर 4:25 बजे होते हुए रात्रि 10:15 बजे सरायगढ़ पहुंचेगी।

जिला प्रशासन का मानना है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से विक्रमशिला सेतु बंद होने के कारण उत्पन्न आवागमन संकट को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। साथ ही, अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाओं के साथ मिलकर यह कदम लोगों को बड़ी राहत देने वाला साबित होगा।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारणी के अनुसार यात्रा करें और इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं।















