


पूर्णिया : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य एवं मानसिक शांति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को पूर्णिया के स्थानीय रणभूमि मैदान में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री मधुकर अमिताभ, उप-महानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं बलकर्मियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में रंजीत फिजिकल अकादमी के लगभग 150 छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सहायक कमांडेंट श्री शंभु नाथ बर्मन द्वारा की गई, जिन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में कम से कम 40 मिनट योग को अवश्य शामिल करें।
इसके बाद प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया, जिससे पूरे मैदान का वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।
इस अवसर पर अकादमी के संचालक रंजीत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को योग के प्रति प्रेरित करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना था।














