


घायलों के बेहतर इलाज का दिया निर्देश
कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत बसगढा चौक (एनएच-31) पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में मृतकों के प्रति पूर्व उप मुख्यमंत्री सह कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद ने गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में कई लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर से वे मर्माहत हैं।
श्री प्रसाद ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा, “कोढ़ा के बसगढा चौक पर हुई यह दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इस हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी सहानुभूति है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।”
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने इस घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर घायलों को समुचित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही श्री तारकिशोर प्रसाद ने जिला प्रशासन से मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत अविलंब अनुग्रह राशि (मुआवजा) उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने परिवहन विभाग एवं स्थानीय पुलिस को निर्देशित किया कि उक्त क्षेत्र में सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।













