


पूर्णिया विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षा दे रहे सैकड़ों छात्रों ने एडमिट कार्ड में लगातार हो रही त्रुटियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। नाराज छात्रों ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन का घेराव कर कुलपति के खिलाफ नारेबाजी की।
छात्रों का आरोप है कि एडमिट कार्ड में बार-बार बदलाव किया जा रहा है, जिससे उन्हें परीक्षा तिथि और केंद्र को लेकर भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्र निर्धारित तिथि पर परीक्षा केंद्र पहुंचे तो पता चला कि उनकी परीक्षा या तो पहले ही हो चुकी है या उस दिन निर्धारित ही नहीं है। इसके बाद उन्हें दोबारा एडमिट कार्ड निकालने को कहा जाता है, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।
इस बीच, छात्र राजद के अध्यक्ष पीयूष पुजारा मौके पर पहुंचे और आंदोलन कर रहे छात्रों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि “सामर्थ पोर्टल” विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए अभिशाप बनता जा रहा है।
पीयूष पुजारा ने विश्वविद्यालय के कुलपति पर आरोप लगाते हुए कहा कि पोर्टल की खामियों के बावजूद इसकी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमांचल क्षेत्र के अधिकांश छात्र आर्थिक रूप से कमजोर हैं और दूर-दराज से परीक्षा देने आते हैं, ऐसे में इस तरह की अव्यवस्था उनके लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है।
उन्होंने मांग की कि इस मामले की जिम्मेदारी तय की जाए, सामर्थ पोर्टल को लेकर संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई हो तथा दोषियों को ब्लैकलिस्ट किया जाए। साथ ही आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी कमियों को उजागर करने वाले छात्रों और छात्र नेताओं पर केस दर्ज कर दबाव बनाने की कोशिश करता है।
छात्र नेता ने कहा कि वे छात्रों के साथ मजबूती से खड़े हैं और परिणाम चाहे जो भी हो, संघर्ष जारी रहेगा। मौके पर सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।













