


पूर्णिया: भाजपा नेताओं पर अहंकार में डूबकर बयान देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पार्टी ने कहा कि मौजूदा हालात चिंताजनक हैं और विभाजनकारी बयानबाजी के खिलाफ विरोध जारी रहेगा।
कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने बयान जारी कर कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा दिया गया आपत्तिजनक और विभाजनकारी बयान न केवल व्यक्तिगत हमला है, बल्कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक सम्मानित नेता हैं, जो वंचित, दलित और शोषित वर्गों की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करते रहे हैं।
बिजेंद्र यादव ने कहा कि किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे यह स्पष्ट होता है कि सत्ताधारी दल के कुछ नेता समाज को बांटने और कमजोर वर्गों को निशाना बनाने की राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खड़गे के दलित समाज से आने के कारण उन्हें बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, जो सामाजिक समरसता के खिलाफ है। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरनाक मानसिकता करार दिया।
कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि हिमंत बिस्वा सरमा अपने बयान के लिए देश से माफी मांगें और भविष्य में इस तरह की भाषा के प्रयोग से बचें। साथ ही पार्टी ने कहा कि वह सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे बयानों का पुरजोर विरोध जारी रखेगी।














