5
(1)



250 प्रशिक्षुओं का हुआ स्वागत

पूर्णिया : रामबाग स्थित मिलिया कनीज फातमा महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में डी.एल.एड. सत्र 2025–27 के नव नामांकित प्रशिक्षुओं के स्वागत के लिए भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 250 प्रशिक्षुओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने माहौल को जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मिलिया तराना और स्वागत गान की प्रस्तुति ने वातावरण को ऊर्जा से भर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मधुर संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों के बीच नवप्रवेशित छात्राओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर डी.एल.एड. सत्र 2024–26 के 100 प्रशिक्षुओं में से 50 से अधिक के CTET उत्तीर्ण होने की उपलब्धि को सराहा गया। इसे संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और मार्गदर्शन का परिणाम बताया गया।

मिलिया एजुकेशनल ट्रस्ट के निदेशक डॉ. असद इमाम ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल शिक्षक ही नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली प्रेरणा बनें। वहीं सहायक निदेशक आदिल इमाम ने संस्थान के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए उन्हें सक्षम, संवेदनशील और आदर्श शिक्षक बनने का संदेश दिया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. कंचन गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन के लिए जाना जाता है, और यहां से जुड़ना आत्मनिर्भर व आत्मविश्वासी बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

वहीं मिलिया फखरुद्दीन अली अहमद बीएड शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शाहबाज रिजवी ने अनुशासन और नियमितता को सफलता की कुंजी बताया।

कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षकों ने अपना परिचय दिया और छात्राओं का मार्गदर्शन किया। साथ ही CTET उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम का संचालन बीएड छात्रा प्रियदर्शनी और सिंधु ने किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. भोला प्रसाद महतो, डॉ. राकेश कुमार, श्रवण कुमार सिंह, ब्रजेश कुमार, प्रमोद यादव, अन्नपूर्णा, डॉ. नीलम भारती, पूनम कुमारी, श्वेता कुमारी, अनैन आलम, प्रणव कुमार, अंगद कुमार, चाँदनी कुमारी, अक्षय कुमार, निशांत राज और नंदकिशोर कुमार सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।

कार्यक्रम के साथ ही छात्राओं ने नई ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: