


पूर्णिया : जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर मंगलवार को कार्यपालक अभियंता (विद्युत) ने फ्यूज कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं की ओर से कॉल सेंटर पर शिकायत दर्ज कराने के दौरान समुचित जानकारी नहीं मिलने और शिकायतों का सही ढंग से निस्तारण नहीं किए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई।

निरीक्षण के दौरान एजेंसी के माध्यम से कार्यरत निकेश कुमार दास एवं सरिता देवी के कार्यों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि दोनों कर्मियों द्वारा उपभोक्ताओं की शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप दर्ज नहीं किया जा रहा था। साथ ही शिकायतकर्ताओं को आवश्यक एवं सही जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अनियमितता की पुष्टि होने के बाद कार्यपालक अभियंता (विद्युत) ने संबंधित एजेंसी को दोनों मानव बल को तत्काल सेवा से हटाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही एजेंसी को योग्य एवं प्रशिक्षित कर्मियों की शीघ्र प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सेवा व्यवस्था में सुधार के लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी तथा दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
















