


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। वैश्विक स्तर पर युद्ध की आशंकाओं, बाधित सप्लाई चेन और बढ़ती लॉजिस्टिक चुनौतियों के बीच बिहार ने कृषि निर्यात के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। एग्रो पॉइंट कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, पीरपैंती (भागलपुर) ने वर्ष 2026 में कुल 54 मीट्रिक टन आम का सफल निर्यात कर राज्य के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
कंपनी के स्थापना दिवस ‘एग्रो पॉइंट डे’ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में चेयरमैन राकेश कुमार सिंह ने इस उपलब्धि को किसानों के परिश्रम, गुणवत्ता और विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि बिहार के हजारों किसानों की मेहनत और सामूहिक प्रयास की जीत है।
राकेश कुमार सिंह ने बताया कि वैश्विक व्यापारिक चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने लगातार 18-18 मीट्रिक टन के तीन कंटेनरों के माध्यम से कुल 54 मीट्रिक टन आम का निर्यात किया। निर्यात किए गए आमों में GI टैग प्राप्त जर्दालु, धुधिया मालदा और आम्रपाली किस्म शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बिहार के कृषि उत्पादों की गुणवत्ता और वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक मार्गदर्शन और बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए तो बिहार कृषि निर्यात के क्षेत्र में देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बना सकता है।
कार्यक्रम में चेयरमैन ने इस सफलता का श्रेय कंपनी से जुड़े किसानों, निदेशक राज कुमार सिंह, शत्रुघ्न कुमार सिंह तथा पूरी प्रबंधन टीम को दिया। उन्होंने कहा कि टीम की बेहतर योजना, निरंतर मेहनत और किसानों के सहयोग से यह लक्ष्य हासिल किया जा सका।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं विभिन्न सरकारी विभागों के सहयोग की भी सराहना की। राकेश कुमार सिंह ने जिला प्रशासन, जिला कृषि विभाग, आत्मा (ATMA), जीएम डीआईसी, एसडीएम कहलगांव, बीडीओ पीरपैंती, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी तथा अडानी फाउंडेशन, पीरपैंती की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी संस्थाओं के सहयोग से निर्यात अभियान को सफल बनाया जा सका।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, ‘यह केवल शुरुआत है। आने वाले वर्षों में नई तकनीक, किसानों की भागीदारी और बेहतर बाजार व्यवस्था के माध्यम से बिहार के कृषि उत्पादों को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।’
कार्यक्रम में किसानों, शेयरधारकों और सहयोगियों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई। कंपनी ने भविष्य में कृषि निर्यात का दायरा बढ़ाने तथा किसानों की आय में वृद्धि के लिए नए लक्ष्य तय करने का संकल्प दोहराया।
एग्रो पॉइंट कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड का यह वार्षिकोत्सव केवल एक संस्थागत आयोजन नहीं रहा, बल्कि इसने यह संदेश भी दिया कि किसान, प्रशासन और निजी संस्थाओं के समन्वित प्रयास से बिहार कृषि निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकता है। ‘बिहार की मिट्टी से दुनिया के बाजार तक’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में यह उपलब्धि एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।















