


महापौर विभा कुमारी और जितेंद्र यादव ने डांगराहा पहुंचकर श्रद्धालुओं के बीच बांटा पानी और जूस
पूर्णिया। बाबा रामदेव पैदल यात्री संघ, गुलाबबाग की ओर से रविवार की रात 135 श्रद्धालुओं का जत्था गाजे-बाजे के साथ पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर स्थित कानकी धाम के लिए पैदल यात्रा पर रवाना हुआ। यात्रा के दौरान पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी और जितेंद्र यादव बायसी डांगराहा पहुंचे और श्रद्धालुओं के साथ शामिल होकर कुछ दूर तक पैदल चले।

इस दौरान महापौर विभा कुमारी और जितेंद्र यादव ने श्रद्धालुओं के बीच ठंडा पानी और जूस का वितरण किया तथा उनकी यात्रा की मंगलकामना की। भक्ति गीतों और धार्मिक जयघोष के बीच श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष भाद्रपद शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को कानकी धाम में बाबा रामदेव का भादो महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसमें पूर्णिया सहित आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि गुलाबबाग से प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं का जत्था पैदल कानकी धाम जाता है।

उन्होंने कहा कि श्रद्धा और आस्था से जुड़ी ऐसी यात्राएं धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करती हैं। श्रद्धालुओं की सेवा और उनकी यात्रा में सहभागी बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बाबा रामदेव से सभी श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलमय और सुरक्षित होने की प्रार्थना की।
वहीं जितेंद्र यादव ने कहा कि आस्था और भक्ति से जुड़ी यह पैदल यात्रा श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखती है। श्रद्धालुओं की सेवा करना और उनकी यात्रा में सहयोग देना सभी का दायित्व है। उन्होंने बाबा रामदेव से सभी यात्रियों की सुखद, सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की।
यात्रा में रमेश पारीक, नारायण लोहिया, अमित बोरर, सुमित लोहिया, अरविंद जायसवाल, संतोष गुप्ता, मोहित संचेती, सुनील केडिया सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे।
















