


पूर्णिया: पूर्णिया प्रमंडल आदिवासी छात्र एवं युवा समिति की ओर से आयोजित 43वीं फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ शनिवार को बाघमारा स्थित झील टोला फुटबॉल मैदान में हुआ। 15 दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि समिति वर्षों से खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का सराहनीय कार्य कर रही है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की अपील करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं तथा दोनों से सीख लेकर आगे बढ़ना ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।
महापौर ने कहा कि खेल शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और व्यक्तित्व विकास का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रतियोगिता से भविष्य में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलेंगे, जो पूर्णिया का नाम रोशन करेंगे। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम खेल और युवाओं से जुड़े ऐसे आयोजनों में हरसंभव सहयोग करता रहेगा।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र उरांव, संयोजक मायाराम उरांव, सचिव रावण उरांव, आदिवासी विकास परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र उरांव, वार्ड पार्षद संतोष यादव, पूर्व प्रमुख मंटू यादव सहित आयोजन समिति के सदस्य, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
















