


पूर्णिया: पूर्णिया ईस्ट प्रखंड सभागार में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में विधायक विजय खेमका ने अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी तथा पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद समेत विभिन्न प्रशासनिक मामलों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

जनता दरबार में कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा अगली तिथि पर सुनवाई के लिए संबंधित आवेदकों को निर्देश दिया गया।
विधायक विजय खेमका ने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सही एवं पूर्ण दस्तावेज अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सरकार की पहल पर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में सहयोग शिविर तथा अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया जाता है, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।
विधायक ने अधिकारियों को सभी आवेदनों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर भाजपा नेता सकलदीप राजपाल, संजय मिश्रा, राजेश गोस्वामी, विनय साह, मनोज चौहान, पवन साहनी, पानो देवी, वीरेंद्र सिंह, मुन्ना ठाकुर, मनोज कुमार, मोहित राय, विजय दास, गनेशी साह, मनोज मोनू, बिनय तेवरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
















