5
(4)

@ मंजूषा कला से लेकर प्राचीन सभ्यताओं की धरोहर तक, गोल्डन जुबली पखवाड़े में दिखेगा भागलपुर की सांस्कृतिक पहचान का रंग। 26 नवंबर तक होंगे साहित्यिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक आयोजन।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। पांच दशकों की ऐतिहासिक स्मृतियों, कला की विरासत और सांस्कृतिक पहचान को समेटे भागलपुर संग्रहालय ने बुधवार को अपनी स्वर्णिम यात्रा का उत्सव शुरू किया। संग्रहालय की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर गोल्डन जुबली पखवाड़े का भव्य आगाज लोकगीतों की मधुर गूंज, लोकनृत्य की थिरकन और छठ महापर्व की जीवंत झांकी के बीच हुआ। समारोह ने यह संदेश दिया कि संग्रहालय सिर्फ पुरानी वस्तुओं को सहेजने की जगह नहीं, बल्कि किसी समाज की पहचान और उसकी सांस्कृतिक चेतना का जीवंत आईना भी है।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह सहायक संग्रहालय अध्यक्ष अंकित रंजन ने किया। उद्घाटन समारोह में कलाकारों की लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवी बना दिया। छठ महापर्व की परंपराओं पर आधारित विशेष झांकी ने दर्शकों का ध्यान खींचा, वहीं फोटो प्रदर्शनी के जरिए कला, इतिहास और विरासत के विविध रंग सामने आए।
समारोह में साहित्यकारों, शिक्षाविदों, इतिहासकारों, कलाकारों और शहर के कला प्रेमियों की भागीदारी रही। लोगों ने संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं का भ्रमण कर वहां संरक्षित कलाकृतियों और ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से देखा।
भागलपुर संग्रहालय की खासियत इसका समृद्ध ऐतिहासिक और पुरातात्विक संग्रह है। यहां ताम्रपाषाण युग से लेकर आधुनिक काल तक की अनेक महत्वपूर्ण धरोहरें संरक्षित हैं। टेराकोटा कलाकृतियां, पत्थर और धातु की मूर्तियां, प्राचीन सिक्के तथा पांडुलिपियां इतिहास के अलग-अलग पड़ावों से परिचित कराती हैं। संग्रहालय में स्थापित मंजूषा कला दीर्घा और गांधी गैलरी इसकी सांस्कृतिक पहचान को और व्यापक बनाती हैं। प्रकृति और संस्कृति के संबंध को प्रदर्शित करने के लिए विकसित नवग्रह वाटिका भी परिसर का विशेष आकर्षण है।
संग्रहालय ने अपनी गतिविधियों को दीर्घाओं तक सीमित रखने के बजाय स्थानीय कलाकारों और उनकी आजीविका से जोड़ने की पहल भी की है।यह पहल संग्रहालय को केवल इतिहास का संरक्षक नहीं, बल्कि वर्तमान की रचनात्मक गतिविधियों का सक्रिय केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
गोल्डन जुबली पखवाड़े के तहत 26 नवंबर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें कवि सम्मेलन, पुरातत्व, इतिहास और संग्रहालय विषयक संगोष्ठियां, विभिन्न कलाओं की कार्यशालाएं, टेराकोटा कला कार्यशाला, योग, आर्टिस्ट कैंप, संग्रहालय कर्मियों की विचार गोष्ठी और सम्मान समारोह शामिल हैं। पखवाड़े के दौरान प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। इससे स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और आम नागरिकों की संग्रहालय से भागीदारी बढ़ेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: