


भागलपुर: जिले से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती दस वर्षों बाद शादी के पवित्र बंधन में बदल गई। सात समंदर पार स्थित फिलिपींस की युवती अपने दूल्हे के गांव पहुंची और हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचाया। इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

मामला भागलपुर जिले के बेलारी मिल्की गांव का है। यहां के निवासी ऋषि की करीब दस वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से फिलिपींस की रहने वाली सारा से दोस्ती हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती गहरे प्रेम में बदल गई।
रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए ऋषि ने फिलिपींस जाकर सारा से मुलाकात करने का निर्णय लिया। उन्होंने लगभग ढाई लाख रुपये खर्च कर पासपोर्ट और वीजा की प्रक्रिया पूरी की और फिलिपींस पहुंचकर सारा तथा उनके परिवार से मुलाकात की। दोनों परिवारों की सहमति मिलने के बाद शादी का फैसला लिया गया।

कुछ दिनों बाद सारा अपने माता-पिता के साथ भागलपुर के बेलारी मिल्की गांव पहुंचीं, जहां पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज, वैदिक मंत्रोच्चार और स्थानीय रस्मों के साथ दोनों का विवाह संपन्न हुआ। विवाह समारोह में गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
बताया गया कि ऋषि वर्तमान में एक निजी कंपनी में टेक्निकल एसोसिएट के पद पर कार्यरत हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रेम और सांस्कृतिक समन्वय की यह कहानी क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और लोग नवदंपति को शुभकामनाएं दे रहे हैं।
















