


भागलपुर: जिले के जोगसर थाना क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियार, कारतूस तथा प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि 25 अप्रैल 2026 को जोगसर थाना को सूचना मिली थी कि सौरभ जायसवाल, निवासी बिरौली, थाना रुपौली, जिला पूर्णिया, की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी-2 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य तथा मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए आरोपी गौरव कुमार और राजा कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि 25 अप्रैल को मानिक सरकार घाट रोड स्थित एक फ्लैट में अवैध हथियारों के साथ मौज-मस्ती के दौरान विवाद हो गया था। इसी दौरान सौरभ जायसवाल को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल सौरभ को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल, दो देशी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, चार खोखा, एक विकृत बुलेट तथा 86 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है तथा अवैध हथियार और नशीले पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
















