


भागलपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग लड़की को मध्य प्रदेश के भोपाल से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, भागलपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को जोगसर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के लापता होने की सूचना मिली थी। इस संबंध में जोगसर थाना कांड संख्या 328/25 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे। अप्रैल 2026 में यह खुलासा हुआ कि अपहृत लड़की के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनाया गया था, जिसमें उसकी उम्र 21 वर्ष दर्शाई गई थी, जबकि वह नाबालिग है। आधार कार्ड में विवाह से संबंधित फोटो भी लगाया गया था।
तकनीकी जांच और सत्यापन के आधार पर पुलिस टीम भोपाल पहुंची, जहां छापेमारी के दौरान आरोपी सोनू जैन को गिरफ्तार किया गया और उसके घर से नाबालिग लड़की को बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि लड़की को ट्रेन यात्रा के दौरान एक अज्ञात महिला और पुरुष द्वारा बहला-फुसलाकर पहले दिल्ली ले जाया गया, इसके बाद कुछ दिनों बाद उसे भोपाल ले जाकर करीब 2.5 लाख रुपये में बेच दिया गया।

इस मामले में एक अन्य आरोपी कमल किशोर शास्त्री को भी गिरफ्तार किया गया है, जो कथित रूप से लड़की की खरीद-फरोख्त और जबरन विवाह कराने में शामिल था।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। बरामद नाबालिग को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया भी जारी है।
















