



नवगछिया । बाबा गणिनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में बढ़ती ठंड को देखते हुए जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क भोजन एवं कंबल वितरण कार्यक्रम की शुरुआत नवगछिया रेलवे स्टेशन परिसर में की गई। इस सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य कड़ाके की ठंड में असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाना है।

कार्यक्रम में नवगछिया बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी पुरुषोत्तम यादुका, उनकी धर्मपत्नी वीणा यादुका तथा पुत्र महेश यादुका और अमित यादुका ने जरूरतमंदों के लिए भोजन एवं कंबल वितरण में सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा गणिनाथ को भोग अर्पित कर विधिवत पूजन के साथ की गई।
भोजन वितरण कार्यक्रम के तहत पूरी, सब्जी एवं बुंदिया की व्यवस्था की गई थी। सैकड़ों की संख्या में जरूरतमंद लोग पंक्तिबद्ध होकर शांतिपूर्ण एवं आनंदपूर्वक भोजन ग्रहण करते नजर आए। भोजन वितरण के उपरांत समिति की ओर से जरूरतमंदों के बीच कंबल का भी वितरण किया गया, जिससे ठंड से बचाव में उन्हें राहत मिल सके।

इस सेवा कार्य में बाबा गणिनाथ सेवा समिति के सदस्यों के साथ-साथ रेलवे प्रशासन एवं यादुका परिवार के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार भारती ने बताया कि यह सेवा समाज के प्रति एक सकारात्मक और मानवीय पहल है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि जो भी इस प्रकार के सेवा कार्यों में सहयोग करना चाहते हैं, वे समिति से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में समिति के सचिव संदीप गुप्ता, कोषाध्यक्ष विवेकानंद कुमार, नीरज कुमार, नवीन साह, धर्मेंद्र कुमार, रंजीत कुमार, मुकेश कुमार, सौगंध साह, सुमन कुमार, समाजसेवी शिक्षक सुबोध कुमार, ट्रैफिक पुलिस के धनंजय पासवान, प्रिय वर्ष कुमार, राजा कुमार सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।















