


पूर्णिया : जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर रविवार को जिले भर में विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। समाहरणालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पूर्णिया जिले के सभी अनुमंडलों में गैस एजेंसियों के कार्यालय एवं गोदामों का सतत निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया गया।
अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविशंकर उरांव ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को जिले की विभिन्न एलपीजी गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 8900 उपभोक्ताओं द्वारा गैस सिलेंडर की मांग की गई, जिसके विरुद्ध 7803 गैस सिलेंडरों का सफलतापूर्वक वितरण किया गया। वर्तमान में एजेंसियों के गोदामों में 19689 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिससे स्पष्ट है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है

उन्होंने बताया कि 15 मार्च 2026 से अब तक एलपीजी गैस से संबंधित कुल 302 शिकायतें जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के नियंत्रण कक्ष में प्राप्त हुईं, जिनमें से 286 शिकायतों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष 16 मामलों पर त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को पूर्व की तरह नियमित होम डिलीवरी सेवा प्रदान की जा रही है। नियमानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिन तथा शहरी क्षेत्रों में 25 दिन निर्धारित है।

प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग या एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। किसी भी शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-242319, 242317 एवं 242320 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पूर्णिया सदर, धमदाहा, बनमनखी एवं बायसी अनुमंडलों के पदाधिकारियों द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की गहन निगरानी की गई, जिसमें पाया गया कि एजेंसियां नियमानुसार गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी कर रही हैं और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है।














