


पूर्णिया। जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया में सोमवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। विद्यालय परिसर विद्यार्थियों की चहक, नई उम्मीदों और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
नए एवं पुराने छात्र-छात्राओं का स्वागत विद्यालय की प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी तथा उप-प्रधानाचार्य राज कुमार दास सहित समन्वयकों एवं शिक्षकगणों द्वारा आत्मीयता और स्नेह के साथ किया गया। पहली बार विद्यालय पहुंचे नन्हें विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
नव सत्र के शुभारंभ पर ओपन एयर ग्राउंड में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक प्रार्थना कर माँ सरस्वती से ज्ञान, बुद्धि और सफलता की कामना की। प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं समग्र विकास की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
प्रार्थना सभा के बाद छात्र-छात्राएँ अपनी-अपनी कक्षाओं में पहुंचे, जहाँ उन्हें सुसज्जित एवं प्रेरणादायक वातावरण में नई शुरुआत का अनुभव मिला। प्रथम दिवस को यादगार बनाने के लिए विद्यालय प्रशासन द्वारा विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कक्षाचार्यों ने विद्यार्थियों को मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से नए सत्र से परिचित कराया तथा विद्यालय के आकर्षक सेल्फी पॉइंट पर उनके उत्साहपूर्ण क्षणों को सहेजा गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रयागराज से आए “मैजिक शक्ति शो” की प्रस्तुति रही, जिसने अपनी रोमांचक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की तालियों और उत्साह से पूरा परिसर आनंदमय वातावरण में डूबा रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि संस्थान शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और नवाचार को प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। नव सत्र का यह उत्साहपूर्ण आरंभ आने वाले शैक्षणिक वर्ष की सफलताओं की मजबूत नींव माना जा रहा है।













