


पूर्णिया । समाहरणालय पूर्णिया के जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने पूर्णिया पूर्व प्रखंड के रजीगंज पंचायत अंतर्गत रानीपतरा गांव में आयोजित गेहूं फसल कटनी प्रयोग में भाग लिया और किसानों से कृषि संबंधी जानकारी प्राप्त की।
रबी मौसम 2025-26 के तहत किसान मो. तौकीर आलम के खेत (खाता संख्या-73, खेसरा संख्या-1070) में 10×5 मीटर क्षेत्रफल में गेहूं फसल कटनी प्रयोग किया गया। यह प्रयोग रेंडम चयन के आधार पर किसान सलाहकार संजीव कुमार द्वारा संपादित किया गया।
फसल कटनी प्रयोग के दौरान निर्धारित भूमि खंड से कुल 14 किलोग्राम 500 ग्राम गेहूं उत्पादन प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर लगभग 29 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज का अनुमान लगाया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने किसानों की फसलों की स्थिति का जायजा लेते हुए मक्का, मखाना सहित अन्य प्रमुख फसलों की खेती, बीज चयन, उर्वरक उपयोग तथा सिंचाई व्यवस्था की जानकारी ली। जिलाधिकारी की उपस्थिति से किसानों में उत्साह देखा गया।
अधिकारियों ने बताया कि फसल कटनी प्रयोग के आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा खाद्य सुरक्षा नीति तैयार की जाती है तथा फसल क्षति के आकलन में भी इन आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। क्षति की स्थिति में बीमित किसानों को मुआवजा प्रदान करने का भी प्रावधान है।
इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी हरिद्वार प्रसाद चौरसिया, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अजीत कुमार, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी प्रवीण कुमार दास, राजन कुमार विद्यार्थी, मो. शाहनवाज आलम, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आशोक पंजीयार सहित संबंधित अधिकारी एवं कृषि कर्मी उपस्थित रहे।













