


पूर्णिया। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूर्णिया द्वारा एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र हेतु खिलाड़ियों के चयन के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को जिला स्कूल, पूर्णिया में वॉलीबॉल (बालक एवं बालिका) खिलाड़ियों के चयन ट्रायल आयोजित किए गए।
चयन प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र तक पहुंचने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के तहत आगामी दिनों में अन्य खेलों के लिए भी चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। 8 अप्रैल 2026 को तीरंदाजी (आर्चरी) तथा 9 अप्रैल 2026 को हॉकी के खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित की गई है।
जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से उभरती खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन एवं प्रतियोगी मंच उपलब्ध कराना है।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजन से न केवल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि पूर्णिया जिले में खेल संस्कृति को भी नई दिशा और मजबूती मिलेगी।













