


पूर्णिया : जिला पदाधिकारी पूर्णिया अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश पर सदर अनुमंडल क्षेत्र में शनिवार देर रात सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई 18 अप्रैल 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी सदर पूर्णिया श्री श्वेताम दीक्षित एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में संबंधित थानों की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
अभियान के तहत सुदीन चौक, फोर्ड कंपनी चौक (गुलाबबाग), पूर्णिया सिटी सहित विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान वाहन चालकों के आवश्यक दस्तावेजों एवं यातायात नियमों के अनुपालन की सख्ती से जांच की गई।
चेकिंग के दौरान कई वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते पाए गए तथा आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे मामलों में संबंधित वाहनों से कुल 2 लाख 5 हजार 800 रुपये की दंडात्मक राशि वसूली गई। साथ ही दो वाहनों को जब्त भी किया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी श्वेताम दीक्षित ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार आगे भी इस प्रकार का सघन वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा सके।
















