


भागलपुर। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव में महाराष्ट्र पुलिस ने 22 साल पुराने रेप केस के फरार आरोपी की तलाश में सघन छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई नागपुर (महाराष्ट्र) के सावनेर थाना कांड संख्या 333/2002 के मुख्य आरोपी निलेश कुमार की गिरफ्तारी को लेकर की गई।
महाराष्ट्र पुलिस के दरोगा शरद प्रसाद चौधरी ने बताया कि निलेश कुमार वर्ष 2002 में दर्ज दुष्कर्म मामले का आरोपी है और पिछले 22 वर्षों से फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
पुलिस टीम ने शाहपुर गांव पहुंचकर आरोपी के संभावित ठिकानों पर तलाशी ली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग मांगा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी को जल्द से जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करना चाहिए, अन्यथा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और तेज की जाएगी।
महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा कर दिया है, जिसमें उसे माननीय न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। साथ ही आसपास के लोगों से अपील की गई है कि आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी तक अभियान जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर अन्य राज्यों में भी दबिश दी जाएगी।
















