


भागलपुर।शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में भागलपुर नगर निगम ने अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भाजपा, जदयू, बसपा, हम और लोजपा सहित कई राजनीतिक दलों के पदाधिकारी शामिल हुए। शहर के विभिन्न इलाकों में बिना अनुमति लगाए जा रहे होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी दलों से सुझाव और फीडबैक लेकर आगे की कार्ययोजना तैयार की गई।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति लगाए गए किसी भी प्रकार के होर्डिंग, बैनर या पोस्टर को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति या संगठन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों से शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण अभियान में प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।
बैठक के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह और जदयू जिला अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने नगर निगम की पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर हित में जरूरी कदम बताया।
बैठक में नगर प्रबंधक असगर अली, अतिक्रमण प्रभारी जयप्रकाश यादव सहित नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में शहर की सूरत और यातायात व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।














