


भागलपुर।सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत भागलपुर में नाटकीय मोड़ पर हुआ, जब मंडप तक पहुंचने के बाद दूल्हे ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। घटना के बाद मंदिर परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा और लड़की पक्ष ने इसे धोखा बताते हुए न्याय की मांग की है।
मामला जोगसर थाना क्षेत्र स्थित बूढ़ानाथ मंदिर का है। जानकारी के अनुसार बाथ थाना क्षेत्र निवासी शिवम कुमार और भीखनपुर की रहने वाली तुलसी कुमारी की पहचान अगस्त माह में इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुआ और युवक ने युवती से शादी का वादा किया।
बताया जाता है कि शिवम कुमार कोलकाता में ड्राइवर का काम करता है। करीब 20 दिन पहले पारिवारिक कारणों से वह भागलपुर आया था। इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच बातचीत बढ़ी और शादी को लेकर सहमति बन गई। लड़के के पिता द्वारा युवती से फोन पर बातचीत कर शादी की तैयारी भी शुरू कर दी गई थी। शगुन की रस्म भी पूरी कर ली गई थी, जिसके बाद विवाह की तिथि तय की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार शाम सात बजे लड़की पक्ष के लोग बूढ़ानाथ मंदिर पहुंच गए, लेकिन दूल्हा तय समय पर नहीं पहुंचा। फोन करने पर उसने आने की बात कही और रात करीब नौ बजे एक दोस्त के साथ बाइक से मंदिर पहुंचा।
मंदिर प्रशासन द्वारा विवाह से पूर्व आवश्यक दस्तावेज और अभिभावक की उपस्थिति की मांग किए जाने पर दूल्हा अचानक पीछे हट गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। उसके इस फैसले से दोनों पक्षों के लोग हैरान रह गए।
दूल्हे के इनकार के बाद लड़की पक्ष ने मंदिर परिसर में विरोध जताया और युवक पर धोखा देने का आरोप लगाया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए बन रहे रिश्तों में बिना पूरी जानकारी के विश्वास करना कई बार भारी पड़ सकता है।
फिलहाल लड़की पक्ष न्याय की मांग कर रहा है और मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटा है।
















