


पूर्णिया। समाहरणालय परिसर पूर्णिया में मंगलवार को जिला प्रशासन द्वारा शोकसभा का आयोजन कर दो दिवंगत सरकारी अधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह शोकसभा जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के नेतृत्व में आयोजित की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंचल अधिकारी अमौर के माध्यम से सूचित किया गया कि अंचल कार्यालय अमौर में पदस्थापित उच्च वर्गीय लिपिक सूर्य नारायण उराँव का 28 अप्रैल को पूर्वाह्न बायसी बस स्टैंड में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर फैल गई।
वहीं, विभिन्न समाचार माध्यमों से प्राप्त सूचना के अनुसार नगर परिषद सुलतानगंज (जिला भागलपुर) के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की 28 अप्रैल 2026 को कार्यालय परिसर में निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे प्रशासनिक एवं सरकारी कर्मियों में गहरा दुख व्याप्त है।
शोकसभा में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला पदाधिकारी ने दोनों दिवंगत अधिकारियों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
जिला प्रशासन ने दिवंगत अधिकारियों की सेवाओं को स्मरण करते हुए उनके योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया।















