


पूर्णिया। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। यह जानकारी अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री रविशंकर उरांव ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी।

बताया गया कि बुधवार को जिले में कुल 9654 उपभोक्ताओं द्वारा गैस सिलेंडर की मांग की गई, जिसमें से 8631 उपभोक्ताओं को संबंधित एजेंसियों द्वारा सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया। वहीं, अब भी विभिन्न गैस एजेंसियों के गोदामों में 29995 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जो पर्याप्त स्टॉक को दर्शाता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस एजेंसियां पूर्व की भांति नियमित रूप से उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी सेवा दे रही हैं। नियमानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिनों का है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अवधि करीब 25 दिनों की निर्धारित है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में आकर अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग या काउंटर पर भीड़ न लगाएं। नियमानुसार समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है।
यदि किसी उपभोक्ता को गैस आपूर्ति से संबंधित कोई शिकायत हो, तो वे जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-242319, 06454-242317 एवं 06454-242320 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
















